Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • छोड़नी होगी अधिकारियों और कर्मचारियों को 10 से 5 तक काम करने की मानसिकता, उत्तराखंड को बनाएंगे देश का अग्रणी राज्य – सीएम धामी

छोड़नी होगी अधिकारियों और कर्मचारियों को 10 से 5 तक काम करने की मानसिकता, उत्तराखंड को बनाएंगे देश का अग्रणी राज्य – सीएम धामी

By on November 12, 2022 0 114 Views

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ही काम करने की मानसिकता राज्य हित में छोड़नी होगी। तब ही हम राज्य के विकास में सहयोगी बन पाएंगे। अब नई कार्य संस्कृति के साथ आगे बढ़ना होगा।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का मान बढ़ा

मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को गढ़ीकैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कालेज में राज्य स्थापना की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश व दुनिया में भारत का मान व सम्मान बढ़ा है।

उत्‍तराखंड को बनाएंगे देश का अग्रणी राज्य

उत्तराखंड के विकास में नए संकल्पों व प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। राज्य हित में सभी विभागों ने रोडमैप तैयार किया है। देवभूमि को देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष 2025 तक हम इस संकल्प को पूरा करने में अवश्य सफल होंगे।

आनलाइन व्यवस्था मात्र औपचारिकता बनकर न रहे

उन्होंने विभागों को हिदायत दी कि जनहित को ध्यान में रखकर निर्मित आनलाइन व्यवस्था, पोर्टल व मोबाइल एप मात्र औपचारिकता बनकर नहीं रहने चाहिए। इनका व्यापक लाभ आमजन को मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। सभी विभागों को इस पर विशेष ध्यान देना होगा। राज्य के विकास में सधे व सीधे रास्ते पर चलकर मंजिल तक पहुंचने का निरंतर प्रयास किया जाएगा। 22 वर्षों की यात्रा के बाद राज्य ने कई उपलब्धियां प्राप्त की हैं। अभी हमारे समक्ष बहुत चुनौतियां हैं। हमें चुनौतियां पता हैं और अपनी शक्तियों पर भी पूरा विश्वास है।

सांस्कृतिक विरासत हमारी शक्ति

उन्होंने कहा कि पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार, राज्य के दुर्गम व सीमांत क्षेत्रों को संतुलित विकास हमारी चुनौतियां हैं। हमारी मेहनती मातृ शक्ति, युवा शक्ति, प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।

युवाओं को रोजगार मिलेंगे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलें, इस दिशा में प्रयास निरंतर जारी है। जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को त्वरित रूप से मिले, इसके लिए जिन योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनके लोकार्पण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

पुस्तिका अग्रगामी उत्तराखंड का विमोचन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सूचना व लोकसंपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘संकल्प नए उत्तराखंड का’ और नियोजन विभाग की बेस्ट प्रेक्टिस पर तैयार की गई पुस्तिका अग्रगामी उत्तराखंड का विमोचन किया।

उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी द्वारा विकसित नागरिक केंद्रित अपणि सरकार पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन मोबाइल एप डार्क लेक, आइटीडीए-सीएएलसी व एसडीडब्ल्यूएएन, परिवहन विभाग की आनलाइन सेवाओं, पंचायतीराज विभाग आनलाइन प्रणाली का लोकार्पण किया।

विशेष प्रमुख सचिव सूचना अभिनव कुमार ने स्वागत भाषण और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने धन्यवाद भाषण दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या व चंदन रामदास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, महापौर सुनील उनियाल गामा, कई विधायक एवं आला अधिकारी उपस्थित रहे।