September 7, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • SIR-2026: हल्द्वानी में राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक, 2.35 लाख नोटिसों पर 100% सुनवाई पूरी

SIR-2026: हल्द्वानी में राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक, 2.35 लाख नोटिसों पर 100% सुनवाई पूरी

By on September 7, 2026 0 7 Views

हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत सोमवार, 7 सितंबर को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इस दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और ईआरओ की मौजूदगी में प्रतिनिधियों की समस्याओं और सवालों का समाधान किया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक प्रत्येक सोमवार को आयोजित की जा रही है। सोमवार को सुबह 10 बजे हुई बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और ईआरओ शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि बैठक में बारिश के कारण प्रभावित हुए पुनरीक्षण कार्य और सुनवाई में कुछ लोगों के अनुपस्थित रहने का मुद्दा भी उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि 6, 7 और 8 सितंबर की सुनवाई में शामिल नहीं हो पाए लोग संबंधित बूथों पर पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं। इसके बाद 9 सितंबर को भी सुनवाई का अवसर रहेगा। वहीं, जो लोग निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए 10 और 11 सितंबर को भी अवसर उपलब्ध रहेगा।

अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्तर से सुनवाई की तिथि बढ़ाने का प्रावधान नहीं है और फिलहाल तिथि बढ़ाने की आवश्यकता भी नहीं है, क्योंकि सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही है। उन्होंने बताया कि मुख्य सुनवाई 7, 8 और 9 सितंबर को निर्धारित है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित एआरओ को अवगत कराएं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। इनमें से जारी किए गए 2,35,000 नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। SIR-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें कांग्रेस से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी और संजू उप्रेती तथा भाजपा से दिनेश खुलवे, बहादुर सिंह नगदली और प्रकाश पटवाल सहित बसपा के हरिश चंद सिनोली शामिल रहे।