फाँटो जोन खुला, पहले दिन दोनों पालियों की बुकिंग फुल
रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग का फाँटो पर्यटन जोन आज से नए पर्यटन सत्र के लिए पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रिबन काटकर पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया। जोन खुलने के साथ ही पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला और पहले ही दिन सुबह और शाम, दोनों पालियों की बुकिंग पूरी तरह फुल रही।
फाँटो जोन के जंगलों में वन्यजीवों और खासतौर पर बाघों के दीदार की उम्मीद लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक यहां पहुंचे। पर्यटन सत्र के पहले दिन जंगल सफारी को लेकर पर्यटकों में खासा रोमांच नजर आया। पर्यटकों को उम्मीद है कि सफारी के दौरान उन्हें फाँटो के जंगलों में बाघ समेत अन्य वन्यजीवों का दीदार करने का मौका मिलेगा।
हालांकि, इस बार फाँटो जोन आने वाले पर्यटकों को चर्चित ‘भोला’ टाइगर देखने को नहीं मिलेगा। कुछ समय पहले बीमारी और चोट के चलते भोला की मौत हो गई थी। फाँटो आने वाले कई पर्यटक भोला को देखने की उम्मीद लेकर आते थे, ऐसे में उसकी मौत का अफसोस पर्यटकों के बीच भी देखने को मिला।
वहीं, फाँटो पर्यटन जोन में आने वाले समय में पर्यटकों के लिए एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग की ओर से कॉर्बेट की तर्ज पर मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत पर्यटकों को फोटोग्राफी के लिए मोबाइल फोन के बजाय केवल कैमरा ले जाने की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है।
विभाग का यह कदम लागू होने के बाद फाँटो जोन में सफारी के दौरान पर्यटक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। हालांकि, फोटोग्राफी के लिए कैमरे ले जाने की अनुमति रहेगी। विभाग की ओर से इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी की जा रही है और आने वाले समय में इसके संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ फाँटो जोन में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। पहले ही दिन दोनों पालियों की बुकिंग फुल रहने से पर्यटन कारोबारियों में भी उत्साह देखने को मिला। अब पर्यटकों की नजर फाँटो के जंगलों में बाघ समेत अन्य वन्यजीवों के दीदार पर रहेगी।

