कालागढ़ में वन्यप्राणी सप्ताह की शुरुआत, निकाली जागरूकता रैली
कालागढ़। वन्यप्राणी सप्ताह के तहत कालागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार सुबह कालागढ़ रेंज कार्यालय से कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र तक जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ इंटर कॉलेज कालागढ़ के शिक्षक एवं स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वन क्षेत्राधिकारी कालागढ़ एवं कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र कालागढ़ की उपस्थिति में हुई। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी नंद किशोर रूवाली ने वन्यप्राणी सुरक्षा और संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। इसके बाद पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई और लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
रैली के बाद कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के समापन पर वन क्षेत्राधिकारी ने सभी प्रतिभागियों और वन विभाग के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय स्टाफ और कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षु वन आरक्षी मौजूद रहे।

