October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखंड में NCC के बढ़ेंगे 7 हजार पद, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

उत्तराखंड में NCC के बढ़ेंगे 7 हजार पद, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

By on September 25, 2024 0 482 Views

देहरादूनः नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त राज्य प्रतिनिधियों के द्विवार्षिक कार्यक्रम में रक्षा मंत्रालय ने उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार को अपनी मंजूरी दे दी है. शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने इस बैठक में प्रतिभाग करते हुए एनसीसी के विस्तार और बजट को लेकर अपनी बात रखी थी. इस तरह राज्य में एनसीसी ज्वाइन करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है. बैठक के दौरान केंद्र की मंजूरी के बाद अब राज्य में साढ़े 7 हजार नए कैडेट्स भर्ती हो सकेंगे.

नई दिल्ली में आहुत इस बैठक में देशभर के शिक्षा मंत्री और रक्षा मंत्रालय के बड़े अधिकारी भी मौजूद थे. इस दौरान राज्य की तरफ से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी बात रखी गई. इसमें वित्तीय जरूरत को पूरा करने के साथ प्रशिक्षण और शिविर से जुड़े नए बुनियादी ढांचे की स्थापना पर भी चर्चा की गई. बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में तेजी से एनसीसी की मांग बढ़ रही है. इसके लिए 10 हजार कैडेट्स की भर्ती की मांग राज्य की तरफ से रखी गई. जिसमें से 7500 को मंजूरी दी गई. अच्छी बात यह है कि इसमें 50 फीसदी गर्ल्स कैडेट्स भर्ती की जाएगी.

55 हजार से ज्यादा कैडेट्स शामिल

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में फिलहाल 55 हजार 214 एनसीसी कैडेट्स मौजूद हैं. इसमें माध्यमिक शिक्षा के तहत 23 हजार 534 और उच्च शिक्षा के अंतर्गत 31 हजार 680 कैडेट्स शामिल हैं. राज्य में फिलहाल 561 शिक्षण संस्थानों में एनसीसी संचालित की जा रही है.

इस मौके पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि केंद्र ने आश्वासन दिया है कि राज्य की हर जरूरत को पूरा करने का प्रयास होगा और जो डिमांड बजट से संबंधित रखी गई है, उसे पर भी सकारात्मक रुख दिखाई देगा.