बम्बाघेर आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम
रामनगर। सेवा संकल्प सप्ताह के तहत बम्बाघेर-हरिजन बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की भावना भट्ट ने की, जबकि संचालन डॉ. जफर सैफी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व दर्जा राज्यमंत्री डॉ. धनेश्वरी घिल्डियाल, विशिष्ट अतिथि सभासद पारस गोला, भाजपा महिला मोर्चा नेत्री मनप्रीत कौर और बाल विकास परियोजना की सुपरवाइजर दुर्गा बिष्ट मौजूद रहीं।
वक्ताओं ने सेवा संकल्प सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए माताओं से बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही बच्चों को अच्छे संस्कार देकर जिम्मेदार और देशभक्त नागरिक बनाने पर जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र संचालिका मीरा भारती ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटने और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान तीन माताओं को महालक्ष्मी किट और बच्चों को पुष्टाहार वितरित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्यों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र संचालिका मीरा भारती को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आशा वर्कर, शिक्षिका, भोजनमाता, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

