रामनगर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सागौन तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर के निर्देशन तथा वन क्षेत्राधिकारी रामनगर के नेतृत्व में रामनगर रेंज एवं वन सुरक्षा दल की संयुक्त टीम ने वन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है।
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान वन अपराध में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन को सागौन के 4 गिल्टों सहित पकड़ा। साथ ही एक हीरो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई और मौके से तीन वन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वन विभाग की टीम ने काशीपुर रेंज के ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी में छापेमारी की। इस दौरान भूसे के ढेर में छिपाकर रखे गए सागौन प्रकाष्ठ के 11 नग बरामद किए गए।
बरामद समस्त सागौन लकड़ी को वन अभिरक्षा में लेकर निजी ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से कठियापुल चौकी परिसर में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
वहीं जब्त किए गए छोटा हाथी वाहन एवं हीरो मोटरसाइकिल को भी विधिक कार्रवाई के तहत वन अभिरक्षा में लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस प्रकरण से जुड़े आरोपी पूर्व में भी कई वन अपराधों में नामजद रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही थी।
वन विभाग के अनुसार आरोपी शातिर प्रवृत्ति के वन अपराधी हैं, जो लंबे समय से अवैध वन गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी कारागार भेज दिया गया है।
वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

