Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मानसून में वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का फ्लैग मार्च, लोगों से सतर्क रहने की अपील

मानसून में वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का फ्लैग मार्च, लोगों से सतर्क रहने की अपील

By on July 6, 2026 0 3 Views

रामनगर। मानसून सत्र के दौरान वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर रोक तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने सोमवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च बिजरानी रेंज, ढेला (सर्पदुली) रेंज, सुरक्षा इकाई, रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज तथा स्थानीय पुलिस के संयुक्त सहयोग से सांवल्दे वन परिसर से गर्जिया वन परिसर तक आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च से पूर्व बिजरानी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवीन चंद्र पांडे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए नियमित गश्त, कंबिंग और रात्रि एंबुश के माध्यम से वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बसों तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। साथ ही रेलवे स्टेशन के आसपास डेरा डाले घुमंतू समुदाय के अस्थायी शिविरों की भी जांच की गई।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की कि मानसून के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम वन चौकी को दें तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना को देखते हुए अनावश्यक रूप से वन क्षेत्रों में प्रवेश न करें।
वन क्षेत्राधिकारी नवीन चंद्र पांडे ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस बल का सफल फ्लैग मार्च के लिए आभार व्यक्त किया। अभियान में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर वन प्रभाग, सुरक्षा इकाई तथा स्थानीय पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।