40 लाख रुपये के आरोपों पर गामा का पलटवार, कहा – दोषी साबित हुआ तो राजनीति से ले लूंगा संन्यास
मसूरी। लाखों रुपये के कथित लेनदेन और दुकानों से जुड़े विवाद को लेकर देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने पलटवार किया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश करार दिया। गामा ने कहा कि यदि जांच में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। वहीं, आरोप झूठे साबित होने पर आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि सहित आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
गामा के इस बयान के बाद मसूरी में विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। इसकी वजह आगामी विधानसभा चुनाव में मसूरी सीट से उनकी दावेदारी भी है। गामा भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं और पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी इच्छा जता चुके हैं। ऐसे में उनके खिलाफ आरोपों और राजनीतिक साजिश के उनके दावे को चुनावी नजरिये से भी देखा जा रहा है।
40 लाख रुपये के दावे पर उठाए सवाल
पूर्व मेयर ने 40 लाख रुपये देने का आरोप लगाने वाले व्यक्ति से इस रकम का आधार स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति को उन्होंने नौकरी और दुकान तक उपलब्ध कराई थी। गामा के मुताबिक, इससे पहले भी उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया था और इस मामले में 23 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के जरिए लगातार उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। इससे उनकी करीब 40 साल की राजनीतिक छवि प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि विवाद के चलते परिवार के सदस्यों को भी मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
चुनाव से पहले साजिश का आरोप
गामा ने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस मामले को उछाला जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस कथित साजिश के पीछे कौन लोग हैं और पर्दे के पीछे से उन्हें कौन निशाना बना रहा है। गामा ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में वह इस प्रकरण से जुड़े कुछ और तथ्य सार्वजनिक कर सकते हैं।
मसूरी सीट पर दावेदारी, 18 वार्डों का दिया गणित
मसूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा पर गामा ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से टिकट देने का अनुरोध किया है और पार्टी इस पर विचार कर रही है। उन्होंने अपनी दावेदारी के समर्थन में विधानसभा क्षेत्र के मतदाता समीकरण का भी जिक्र किया।
गामा के अनुसार, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादून नगर निगम के 18 वार्ड शामिल हैं और उनके दावे के मुताबिक करीब 75 प्रतिशत मतदाता देहरादून क्षेत्र से आते हैं। उनका मानना है कि देहरादून के मेयर के रूप में काम करने का अनुभव विधानसभा चुनाव में उनके लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
निष्पक्ष जांच की मांग, दोषी होने पर सजा भुगतने की बात
पूर्व मेयर ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में वह दोषी पाए जाते हैं तो हर तरह की सजा भुगतने को तैयार हैं। वहीं, आरोप झूठे साबित होने पर आरोप लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गामा ने साफ किया कि वह अपनी छवि खराब करने वालों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

