उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप, जल्द घोषित होंगे प्रत्याशी, प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने किया ऐलान
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने कहा कि आप पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रत्याशियों की घोषणा जल्द की जाएगी। पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई है।
दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद उमा सिसोदिया ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह, जरनैल सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी उत्तराखंड आएंगे। पार्टी प्रदेशभर में ‘हर घर नमस्कार’ अभियान भी चलाएगी। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
उमा सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी रोजगार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और भाजपा-कांग्रेस के सामने विकल्प पेश करेगी।
उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल के साथ हुई बैठक में उत्तराखंड के राजनीतिक हालात, प्रदेश संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं।
उमा सिसोदिया के मुताबिक, प्रत्याशियों के चयन में संगठन की मजबूती, जनसेवा के प्रति समर्पण और संबंधित क्षेत्र में सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी का दावा है कि कार्यकर्ता सभी 70 सीटों पर जीत की संभावनाएं मजबूत करने के लिए अभी से मैदान में उतर चुके हैं।

