रामनगर के मौ. फिरोज अंसारी बने नैनीताल जिले के जिला स्तरीय व्यापार मित्र, टैक्स बार और व्यापारियों में खुशी
रामनगर। रामनगर टैक्स बार के अध्यक्ष मौ. फिरोज अंसारी को राज्य कर विभाग की ओर से नैनीताल जिले का जिला स्तरीय व्यापार मित्र नियुक्त किया गया है। राज्य कर विभाग, हल्द्वानी संभाग द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति का उद्देश्य करदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, व्यापारियों की कठिनाइयों को दूर करना और राजस्व संग्रह में सहयोग प्राप्त करना है।
मौ. फिरोज अंसारी की इस नियुक्ति की खबर मिलते ही रामनगर टैक्स बार के अधिवक्ताओं और व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं और व्यापारियों ने उन्हें बधाई देते हुए इस नियुक्ति को रामनगर के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनकी मेहनत, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है।
वहीं, रामनगर टैक्स बार के अध्यक्ष मौ. फिरोज अंसारी ने विश्वास दिलाया कि वह अधिवक्ताओं और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर टैक्स बार के पूर्व अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे, सचिव मनु अग्रवाल, उपाध्यक्ष गुलरेज रज़ा, उपसचिव जीशान मलिक, कोषाध्यक्ष मनोज सिंह बिष्ट, नावेद अख्तर सैफी, भोपाल सिंह रावत, राकेश कुमार राही सहित टैक्स बार के अधिवक्ता, व्यापारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

