मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियां भी शामिल
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति देने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। खास बात यह रही कि चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने की नसीहत दी।
मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी जिम्मेदारी सीधे आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ी है। उन्होंने अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है और अधिकारियों को इसे अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए इसे सरकारी सेवा के साथ-साथ जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

