
दो ट्रको में अवैध रूप से भरे देवदार के 68 गिल्टे बरामद कर वाहन को किया सीज।
विकासनगर। चकराता वन प्रभाग की रीवर रेंज की टीम ने चेकिग के दौरान दो लोडर वाहनों में अवैध रूप से भरे देवदार के 68 नग बरामद किए हैं। एक वाहन के चालक को गिरफ्तार भी किया, जबकि अन्य आरोपित भाग निकले। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रेंजर जांच कर रहे हैं कि देवदार का अवैध पातन किस जंगल में हुआ और आरोपित कहां से इसे लेकर आ रहे थे और फरार आरोपितों की भी तलाश में जुटी है।
रेंजर जीएस धमान्दा को सूचना मिली कि दो वाहनों से देवदार के अवैध नग लेकर वाहन जा रहे हैं। रेंजर ने दो टीमें बनाकर लालढांग और कालसी बैरियर पर चेकिग कराई। दोनों बैरियर पर सघन चेकिग की। चेकिग देखकर लकड़ी से भरे वाहनों में सवार व्यक्ति उतरकर भाग निकले, लेकिन लालढांग बैरियर पर लोडर वाहन चला रहे अभिषेक निवासी सिलई जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश को रेंज टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उधर कालसी वन बैरियर पर भी एक लोडर वाहन को पकड़ा लिया गया। दोनों वाहनों में देवदार के अवैध 68 नग बरामद किए गए। अवैध लकड़ी त्यूणी-मीनस और कालसी-चकराता मोटर मार्गों से होकर लाए जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। अवैध नग कहां से लाए जा रहे थे और इसमें कितने और आरोपी हैं। उसका पता लगाया जा रहा है। दोनों वाहनों को पकड़ने वाली टीम में मेहरबान बिष्ट, कमलनयन, देवेंद्र मिश्रा आदि शामिल रहे।