प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट प्रकरण : विधायक उमेश शर्मा काऊ ने जताया खेद, सभी पक्षों से मांगी माफी
देहरादून। रायपुर से विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शनिवार को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना पर अफसोस जताते हुए संबंधित सभी पक्षों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यह घटना “जाने-अनजाने” में हुई, जिसका उन्हें खेद है।
विधायक ने जारी बयान में बताया कि वह अपने क्षेत्र के एक विद्यालय के लिए डेढ़ बीघा भूमि दान देने वाले परिवार के साथ शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। उनकी मांग थी कि विद्यालय का नामकरण दानदाता पदम् सिंह रावत के नाम पर किया जाए। चूंकि यह प्रकरण लंबे समय से लंबित था, इसलिए बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने विवाद को शांत कराने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इसी बीच यह घटना घटित हो गई। विधायक काऊ ने कहा कि उन्हें जनहित के कार्यों में अधिकारियों और कर्मचारियों का सदैव सहयोग मिलता रहा है और उन्होंने भी हमेशा उनका सम्मान किया है।
घटना पर गहरा अफसोस व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से क्षमा याचना की। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है और अधिकारी-कर्मचारियों के हितों में निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक ने इस पूरे प्रकरण में सभी पक्षों से संयम बरतने और मामले को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की है।

