Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • प्रेमी से शादी करने उसके घर पहुंची थी प्रेमिका, बाप बेटे को खबर लगी तो बेटी को वहीं कुल्हाड़ी से काट डाला…

प्रेमी से शादी करने उसके घर पहुंची थी प्रेमिका, बाप बेटे को खबर लगी तो बेटी को वहीं कुल्हाड़ी से काट डाला…

By on April 16, 2022 0 462 Views

मुरादाबाद :  भोजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक पिता ने झूठी आन के लिए अपनी इकलौती बेटी की उसके प्रेमी की चौखट पर कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। उसका बेटा भी इस शर्मनाक वारदात में उसके साथी था। ग्राम प्रधान ने मृतका के पिता और भाई को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी पिता गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि भाई व एक अन्य फरार है। हॉरर किलिंग की इस वारदात से इलाके में सनसनी है। मौत के घाट उतारी गई नीलम पुत्री सुभाष कश्यप भोजपुर के रानी नागल गांव की रहने वाली थी। चुनिया देवी नकटपुरी इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा नीलम सबसे छोटी होने के कारण अपने तीन भाइयों की दुलारी थी। पुलिस के मुताबिक नीलम का प्रेम प्रसंग करीब एक साल से गांव के ही मोहित यादव से चल रहा था। नीलम मोहित से शादी करना चाहती थी। कई बार की पंचायत के बाद भी परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इससे परेशान नीलम बुधवार सवेरे करीब साढ़े पांच बजे मोहित के घर पहुंच गई और भागकर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इस बीच भनक लगने पर मोहित के चाचा ने यह खबर ग्राम प्रधान नवाब अली को दे दी। प्रधान से खबर मिलने पर तिलमिलाया नीलम का पिता सुभाष और बड़ा भाई मोहित कश्यप कुल्हाड़ी लेकर प्रेमी के घर पहुंच गए और वहां घर के बाहर खड़ी नीलम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीखती-चिल्लाती नीलम ने कुछ ही पलों में दम तोड़ दिया। बाद में एसपी देहात ने मौका मुआयना किया। फरार भाई और एक अन्य मददगार की तलाश में छापेमारी जारी है।

बोला आरोपी पिता, वह भाग गया वरना उसे भी काट डालता

भोजपुर (मुरादाबाद)। पुलिस हिरासत में नीलम के पिता सुभाष कश्यप के चेहरे पर अफसोस का कोई भाव नहीं दिखा। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसे बेटी की हत्या का कोई अफसोस नहीं है। उसके कारण पूरे गांव में उसकी बेइज्जती हो रही थी। उसे तो और पहले ही कत्ल देना चाहिए था। उसे समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। उसे सुधरने के कई मौके भी दिए गए, मगर वह मोहित यादव के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी। वह भाग गया वरना उसको भी काट डालते।

बेटी का कत्ल करके घर में जाकर सो गया पिता

भोजपुर। बेटी का कत्ल करने के बाद पिता सुभाष कश्यप सीधे अपने घर पर गया। खून से सने कपड़े बदलने के बाद वह मोबाइल पर गाना लगाकर सो गया। सूचना पाकर भोजपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद डाग स्क्वायड के साथ सुभाष कश्यप के घर पहुंची। इस दौरान सुभाष कश्यप घर में सोता मिला। मोबाइल पर गाने चल रहे थे। पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन जरा सी सख्ती पर बेटी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।