Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कांग्रेस नेता हरक सिंह का एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला, कहा – ‘मेरे लिए गए सभी चेक की जांच करे सरकार’

कांग्रेस नेता हरक सिंह का एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला, कहा – ‘मेरे लिए गए सभी चेक की जांच करे सरकार’

By on August 24, 2025 0 134 Views

देहरादून। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने एक बार फिर भाजपा सरकार के खिलाफ तल्ख बयानबाजी की है। इस बार उन्होंने स्वयं भाजपा में रहते हुए पार्टी के लिए लाखों रुपये चंदा लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि भाजपा सरकार में होते हुए उन्होंने किस-किस से चेक लिए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि भाजपा में रहते हुए उनसे भी चेक लिए गए थे।

शुक्रवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि जब वह भाजपा में थे तब एक कोर कमेटी बैठती थी। इसमें यह तय होता था कि कौन कहां से चंदा लेगा। एक बार एक कंपनी से चंदा लेने की बात हुई तो तत्कालीन मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं उनसे चंदा लेंगे। पार्टी में हमेशा चंदा देने का दबाव डाला जाता था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री ने सबसे अधिक और उसके बाद उन्होंने पार्टी फंड में पैसा जमा कराया था।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि हमने भी भाजपा में रहते हुए चेक से पैसा दिया है। आजीवन सहयोग निधि में चेक से पैसा दिया है। जो हरक सिंह रावत ने कहा है, वह सही है। सरकार ने आजीवन सहयोग निधि में जो पैसा एकत्र किया है उसे सार्वजनिक कर जनता के सामने लाना चाहिए। उससे सारी तस्वीर साफ हो जाएगी।

हरक सिंह बताएं कि पैसा कहां से लिया : भट्ट

कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री डा हरक सिंह रावत के बयान पर भाजपा ने सधी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पूर्व में पार्टी ने सदस्यता निधि का संग्रह किया और एक-एक पाई का हिसाब दिया। तब हरक सिंह ने भी चेक दिया हो, लेकिन उन्हें बताना चाहिए उनके द्वारा ये पैसा कहां से लिया गया।

भट्ट ने यह भी जोड़ा कि हरक सिंह पहले हमारे थे, आजकल कांग्रेस में हैं और न जाने कब हमारे हो जाएं, कह नहीं सकते। इसलिए राजनीति में उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि भाजपा ने सदस्यता निधि के लिए धन संग्रह किया था। पूरा पैसा चेक से लिया गया। फिर चाहे वह सौ रुपये की राशि रही हो या एक लाख की।

प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता ने इसमें सहयोग किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता रहते हुए पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने भी पैसा जमा कराया होगा, लेकिन यह सब चेक से लिया गया। ऐसे में हरक सिंह को स्पष्ट करना चाहिए कि उनके द्वारा ये पैसा कहां से लिया गया।

हरक की हैसियत वाली चुनौती को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत को जनता ने पहले ही हैसियत दिखा दी है। उनकी स्थिति ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी बन गई है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, हरक सिंह खुद कांग्रेस पार्टी के लिए मुसीबत बनने वाले हैं।

उधर, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान को खुश करने के लिए हरक सिंह भाजपा के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।