Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • देहरादून में भागवत कथा में शामिल हुए CM धामी, संतो का लिया आशीर्वाद, कहा-सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिये उचित कदम उठा रही सरकार

देहरादून में भागवत कथा में शामिल हुए CM धामी, संतो का लिया आशीर्वाद, कहा-सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिये उचित कदम उठा रही सरकार

By on April 2, 2026 0 6 Views

देहरादून: देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने चारधाम में मदिरा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में मदिरा न मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धामों में पहले से ही ऐसे मामलों पर रोक है और आगे भी इस पर और अधिक सख्ती की जाएगी।

देहरादून में विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 27 मार्च से रेंजर्स ग्राउंड में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो 2 अप्रैल तक चलेगा। इसी क्रम में एक अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कथा में शामिल हुए और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल होना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन समाज को आध्यात्मिक दिशा देता है और ऐसे आयोजन लोगों को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के जीवन को भक्ति, साधना और समर्पण का उदाहरण बताते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में ही श्रीमद्भागवत महापुराण का गहन अध्ययन कर समाज को धर्म और संस्कृति की दिशा में प्रेरित करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज में समरसता, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

कथा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि यदि गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे पवित्र धामों में मदिरा पूरी तरह बंद हो और श्रद्धालुओं को मदिरा मुक्त तीर्थ का वातावरण मिले, तो इससे तीर्थ की पवित्रता और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को सनातन संस्कृति की जानकारी देने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे पवित्र धामों में मदिरा सेवन की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियां सामने आती हैं तो सरकार उन्हें रोकने के लिए और कड़ी कार्रवाई करेगी, ताकि तीर्थों की गरिमा बनी रहे।

वहीं, कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं और आस्था का सम्मान बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चारधाम में मांस और मदिरा का सेवन पहले से प्रतिबंधित है और सरकार इस व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने के लिए प्रतिबद्ध है।