मुख्य सचिव ने की कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिये वक़्त से काम पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार: `कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी ली और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला का आयोजन दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
सीवर और सड़क कार्यों को प्राथमिकता
मुख्य सचिव ने हरिद्वार में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की खुदाई हो चुकी है, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए। अपर रोड का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने और शेष कार्य 30 जून तक समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
सीवर कार्यों की दैनिक निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी, अपर मेलाधिकारी और परियोजना प्रबंधक की समिति गठित कर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जिलाधिकारी को अपर रोड की स्थिति का निरीक्षण कर 10 अप्रैल तक रिपोर्ट देने को कहा गया।
गंगा में न जाए गंदा पानी
मुख्य सचिव ने गंगा नदी की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सीवर या गंदा पानी गंगा में न जाने पाए। इसके लिए सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ने तथा निरीक्षण कर वीडियोग्राफी सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
पीएनजी कनेक्शन और बिजली व्यवस्था पर जोर
कुकिंग गैस की समस्या के समाधान के लिए आश्रमों, धर्मशालाओं, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। एक सप्ताह के भीतर सभी संस्थानों से आवेदन प्राप्त करने को कहा गया।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने भूमिगत लाइनों में खराबी आने पर तुरंत सुधार, अनावश्यक खंभों को हटाने और वितरण बॉक्स को उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए।
घाटों की सुरक्षा और मंदिर मार्ग सुधार
मुख्य सचिव ने घाटों की सुरक्षा और रख-रखाव के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को भी तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के निर्देश
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने और उसकी अवस्थापना सुविधाओं को उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 दिनों के भीतर तीन मेगावाट अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नई लाइन बनाने के भी निर्देश दिए।
कुंभ मेले के दौरान बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और बोट एंबुलेंस की तैनाती पर भी चर्चा की गई।
ट्रैफिक और पार्किंग योजना पर भी चर्चा
मुख्य सचिव ने कुंभ मेला-2027 के लिए प्रस्तावित ट्रैफिक और पार्किंग योजना पर सभी हितधारकों से सुझाव लेने और मंडलायुक्त स्तर पर अंतिम रूप देकर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता का विशेष ध्यान रखा जाए।
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि अब तक 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 32 सेक्टरों का विस्तृत सेक्टर प्लान तैयार किया गया है। सभी कार्यों को गुणवत्ता और तय समय सीमा में पूरा करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है।
बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले मुख्य सचिव ने श्री गंगा सभा, व्यापार मंडल, आश्रम-होटल-धर्मशाला संचालकों, टैक्सी और ऑटो यूनियन तथा सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कुंभ मेला व्यवस्थाओं पर चर्चा की और सभी से मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की।

