Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • हरिद्वार अर्धकुंभ पर सियासी घमासान, ठुकराल के बयान पर बीजेपी का पलटवार

हरिद्वार अर्धकुंभ पर सियासी घमासान, ठुकराल के बयान पर बीजेपी का पलटवार

By on June 10, 2026 0 10 Views

देहरादून: हरिद्वार में वर्ष 2027 में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के विवादित बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा ने ठुकराल के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे धार्मिक आयोजन पर भ्रम फैलाने की कोशिश करार दिया है।

अल्मोड़ा में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि अर्धकुंभ मेले के दौरान राजनीतिक लाभ के लिए भाजपा किसी अप्रिय घटना तक को अंजाम दिला सकती है। उन्होंने कहा कि सत्ता की राजनीति में आम लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा सकता है और ऐसे बड़े धार्मिक आयोजन में विशेष सतर्कता की जरूरत है।

ठुकराल के इस बयान के बाद भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि हरिद्वार अर्धकुंभ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है और इस तरह के बयान गैर-जिम्मेदाराना हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

विनोद चमोली ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अर्धकुंभ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धार्मिक आयोजनों को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा विधायक ने ठुकराल के राजनीतिक सफर पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा में रहते हुए वे सनातन संस्कृति और धार्मिक आयोजनों के समर्थक थे, लेकिन कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनके विचार बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल बदलने के साथ मूल विचारधारा नहीं बदलनी चाहिए।

उधर, हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 को लेकर सरकार ने बुनियादी ढांचे, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में आयोजन से पहले शुरू हुई यह राजनीतिक बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है।