Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • प्रदेश में 88% गणना फार्म वितरित, अब डिजिटाईजेशन पर जोर – अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ली जनपदों की एसआईआर पर समीक्षा – मतदाताओं को ऑनलाइन फार्म भरने के लिए प्रेरित करें जनपद: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी – जनपदों को फार्म वितरण के साथ डिजिटलाइजेशन पर जोर देने के निर्देश

प्रदेश में 88% गणना फार्म वितरित, अब डिजिटाईजेशन पर जोर – अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ली जनपदों की एसआईआर पर समीक्षा – मतदाताओं को ऑनलाइन फार्म भरने के लिए प्रेरित करें जनपद: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी – जनपदों को फार्म वितरण के साथ डिजिटलाइजेशन पर जोर देने के निर्देश

By on June 16, 2026 0 9 Views

देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सोमवार को सचिवालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने गणना फॉर्म वितरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों की सराहना करते हुए उन्हें दूसरे चरण में फॉर्म डिजिटाइजेशन कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन जनपदों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया जहां गणना फॉर्म वितरण राज्य के औसत से कम है। ऐसे विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों में अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती कर वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य को गति देने के निर्देश दिए गए। प्रदेश में सोमवार शाम 4 बजे तक कुल 88.48 प्रतिशत गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।
डॉ. जोगदण्डे ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने की संख्या कम है, वहां व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन माध्यम से गणना फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने शेडो एरिया और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल एवं आईटी टीमों को भेजकर बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही सभी जनपदों में बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल का प्रशिक्षण 10 से 12 बीएलओ के छोटे-छोटे समूहों में आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फॉर्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चल रहे घर-घर भ्रमण अभियान के दौरान गणना फॉर्म के साथ किसी भी प्रकार का दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं है।
सहायता एवं जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 तथा राज्य स्तरीय हेल्पलाइन 1800-3300-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं ईआरओ उपस्थित रहे।