Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कैंची धाम मेले में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 1.19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कैंची धाम मेले में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 1.19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

By on June 16, 2026 0 13 Views

भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले में इस वर्ष आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
सुबह से सायं आरती तक 96,110 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी और देर शाम तक लंबी कतारों में भक्तों का उत्साह बना रहा।
पुलिस एवं प्रशासन ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए। शटल सेवा, चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था तथा सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन के कारण भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराए गए।
एसपी संचार रेवाधर मठपाल के निर्देशन में कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई। वहीं पुलिस जवानों ने सेवा भाव के साथ वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं एवं असहाय श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता की।
भारी बारिश के बीच भी पुलिस, प्रशासन और सेवादार श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी निष्ठा के साथ डटे रहे। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था बेहद सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रही।
कैंची धाम मेले में उमड़ा यह जनसैलाब एक बार फिर बाबा नीम करौली महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक बनकर सामने आया।