Breaking News
  • Home
  • कॉर्बेट नेशनल पार्क
  • कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का बड़ा दावा, कहा – ‘बीजेपी के 8-9 विधायक अपनी ही सरकार से नाराज’

कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का बड़ा दावा, कहा – ‘बीजेपी के 8-9 विधायक अपनी ही सरकार से नाराज’

By on July 4, 2026 0 10 Views

देहरादून। बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने दावा किया है कि भाजपा के कई विधायक अपनी ही सरकार से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के 8 से 9 विधायक उनसे मिले और सरकार की कार्यशैली पर असंतोष जताया।

बुटोला के अनुसार, भाजपा विधायकों ने उनसे कहा कि सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है और विपक्ष को सरकार के खिलाफ मुखर होकर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने उन विधायकों से कहा कि कांग्रेस पहले से ही सरकार की नीतियों का विरोध करती रही है।

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के कई जनप्रतिनिधियों की भी सरकार में सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने लैंसडाउन, टिहरी, थराली, रुद्रप्रयाग और केदारनाथ के विधायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी नाराजगी सार्वजनिक रूप से सामने आ चुकी है। बुटोला ने दावा किया कि कई विधायकों के फोन तक नहीं उठाए जाते और उन्हें अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होंने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि वे सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के विधायकों के फोन तक नहीं उठाते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ विधायक को भी अपनी मांगों को लेकर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

लखपत बुटोला ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता के हितों की बजाय मनमाने तरीके से काम कर रही है। हालांकि, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।