नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी के भू-कटाव रोकने हेतु बाढ़ सुरक्षा कार्य जल्द कराने के निर्देश
देहरादून। विनोद कुमार सुमन ने गुरुवार को खटीमा पहुंचकर नेपाल सीमा स्थित मेलाघाट क्षेत्र में जगबूढ़ा नदी के भू-कटाव की रोकथाम के लिए प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि जहां अत्यधिक आवश्यकता है, वहां शीघ्र बाढ़ सुरक्षा कार्य प्रारंभ कराए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जाने हैं, उनका विस्तृत स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से भी वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के बाद लोहियाहेड कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में सचिव श्री सुमन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य वर्षाकाल से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही भविष्य में संभावित खतरे वाले क्षेत्रों के लिए पहले से कार्य योजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिला अधिकारी कोस्तुभ मिश्र एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने बताया कि नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी से एसएसबी चौकी तथा मेलाघाट-सिसैया क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य अत्यंत आवश्यक हैं। इसके अलावा मोहम्मदपुर भुड़िया क्षेत्र को देवहा नदी के कटाव से बचाने हेतु भी सुरक्षा कार्य कराए जाने प्रस्तावित हैं।
सचिव श्री विनोद कुमार सुमन ने शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

