कांवड़ मेले की तैयारियां तेज, हरिद्वार-बिजनौर पुलिस ने बनाया संयुक्त एक्शन प्लान, चार करोड़ कांवड़ियों के आगमन का अनुमान
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर संयुक्त रणनीति तैयार की गई।
श्यामपुर क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में हुई बैठक में भारी वाहनों की आवाजाही, डीजे संचालन के नियम, प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट, बॉर्डर चेकिंग, वायरलेस संचार व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग और संवेदनशील स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसे में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह ने कहा कि कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर इस बार भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक में एसपी ट्रैफिक हरिद्वार निशा यादव, अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर गौतम राय, सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, सीओ ट्रैफिक हरिद्वार भूपेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर पुलिस के अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर विदाई दी।

