Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • भाजपा का मिशन-2027 शुरू, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

भाजपा का मिशन-2027 शुरू, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

By on June 1, 2026 0 5 Views

देहरादून: भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना शुरू कर दिया है। तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।

दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रमों की शुरुआत की। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।

इसके बाद वे गढ़ी कैंट क्षेत्र के टपकेश्वर कॉलोनी स्थित बूथ संख्या 140 पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन महामंत्री अजेय कुमार भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, जनता की अपेक्षाओं और सरकार की योजनाओं के प्रभाव को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं, जो हर परिस्थिति में जनता के बीच रहकर सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करते हैं।

इसके बाद डाकरा बाजार स्थित बूथ संख्या 138 में आयोजित बूथ समिति की बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को “बूथ जीता, तो चुनाव जीता” का मंत्र देते हुए कहा कि बूथ भाजपा संगठन की सबसे मजबूत इकाई है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और चुनावी सफलता स्वतः सुनिश्चित होगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल चुनावी समय में नहीं बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहना चाहिए। स्थानीय समस्याओं, जनभावनाओं और राजनीतिक परिस्थितियों पर लगातार नजर रखना भी संगठन की जिम्मेदारी है।

दौरे के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक-एक कर संवाद किया और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व अब 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है।

कार्यक्रमों के क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित ‘विकसित भारत 2047 : ट्रांसफॉर्मेटिव रोल ऑफ हायर एजुकेशन’ विषयक अकादमिक कॉन्क्लेव में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प अब केवल सरकार का नहीं बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का साझा लक्ष्य बन चुका है। उन्होंने बिहार को ज्ञान की भूमि और उत्तराखंड को ज्ञान एवं अध्यात्म का अद्भुत संगम बताया।