Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • होली पर हुड़दंग करने वालों पर सख्त नजर, दून पुलिस की चेतावनी—शांति भंग की तो सीधे जाना होगा जेल

होली पर हुड़दंग करने वालों पर सख्त नजर, दून पुलिस की चेतावनी—शांति भंग की तो सीधे जाना होगा जेल

By on March 3, 2026 0 8 Views

देहरादून: होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग करने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को सीधे जेल भेजा जाएगा।

देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि होली के मद्देनजर पूरे जिले को तीन सुपर जोन, आठ जोन, 21 सेक्टर और 53 सब सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुपर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, जोन में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी, सेक्टर में संबंधित थाना प्रभारी और सब सेक्टर में उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार होली उल्लास और भाईचारे का पर्व है, लेकिन कुछ अराजक तत्व त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर लिया गया है और उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में सर्वधर्म के संभ्रांत व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करें।

सुरक्षा के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल पार्टियों और स्टेटिक फोर्स की तैनाती की गई है, जो लगातार गश्त कर हर गतिविधि पर नजर रखेंगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पीसीआर वाहन भी सक्रिय रहेंगे।

इसके अलावा पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी 24 घंटे निगरानी रख रही है। भ्रामक खबरें फैलाने, विवादित पोस्ट करने या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने होलिका दहन के आयोजकों से भी वार्ता कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही कार्यक्रम आयोजित करने और नई परंपराओं की शुरुआत न करने के निर्देश दिए हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने आम जनता से अपील की है कि होली का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाएं तथा इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनकी वजह से किसी अन्य व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो।