Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • अगस्त के पहले सप्ताह उत्तराखंड आ सकते हैं मल्लिकार्जुन खरगे, हल्द्वानी में कांग्रेस की बड़ी रैली की तैयारी

अगस्त के पहले सप्ताह उत्तराखंड आ सकते हैं मल्लिकार्जुन खरगे, हल्द्वानी में कांग्रेस की बड़ी रैली की तैयारी

By on July 22, 2026 0 6 Views

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे के बाद अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भी अगस्त के पहले सप्ताह में उत्तराखंड आने की संभावना है। प्रदेश कांग्रेस ने हल्द्वानी में प्रस्तावित कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनसभा के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व को प्रस्ताव भेजा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि हल्द्वानी में पार्टी की बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनके दौरे को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

कांग्रेस का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने का काम करेगा। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित होगा।

रैली के दौरान कांग्रेस राज्य सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। इसके साथ ही पार्टी अपनी नीतियों, जनहित से जुड़े वादों और चुनावी दृष्टिकोण को भी जनता के सामने रखेगी।

राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे के बाद कांग्रेस लगातार चुनावी मोड में दिखाई दे रही है। ऐसे में मल्लिकार्जुन खरगे का संभावित दौरा प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।