Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश, कहा—जनहित और सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश, कहा—जनहित और सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

By on July 24, 2026 0 7 Views

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जन समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन और जनहित के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को समाधान की प्रगति से भी अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी जनसेवा की भावना से कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दें।

मुख्यमंत्री ने गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय वाले मामलों को शीघ्र संबंधित विभागों को भेजा जाए।

मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिलनी चाहिए।