मंत्री कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के गांवों का दौरा कर सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
भीमताल। राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत खनश्यू, गरगड़ी तल्ली, गरगड़ी मल्ली, कालाआगर, टीमर और क्वेराला सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने खनश्यू में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे पेयजल लाइन निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत जल्द कराने को कहा।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार लगातार आम जनता तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है।

