कोसी नदी में नहाते समय दो किशोरों की डूबने से मौत, फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
रामनगर। रामनगर ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे कोसी नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि दोनों युवकों को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे कोसी नदी में दो युवक डूब गए हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोपाल सिंह रावत के निर्देशन में फायर स्टेशन रामनगर की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि अंकित पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्रेट मिशन स्कूल के सामने, हिम्मतपुर पीरूमदारा तथा मयंक पुत्र भरत सिंह असवाल, निवासी धर्मपुर ओलिया, पीरूमदारा, नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
स्थानीय फायर यूनिट रामनगर एवं मौके पर मौजूद पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत कर दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला और तत्काल वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान पूर्ण होने के बाद फायर सर्विस की टीम वापस फायर स्टेशन रामनगर लौट गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

