Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • 14 अप्रैल को देहरादून दौरे पर आ रहे पीएम मोदी, 13 जोन में बंटा ट्रैफिक प्लान, कई रूट रहेंगे डायवर्ट

14 अप्रैल को देहरादून दौरे पर आ रहे पीएम मोदी, 13 जोन में बंटा ट्रैफिक प्लान, कई रूट रहेंगे डायवर्ट

By on April 10, 2026 0 12 Views

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। पूरे रूट को आशारोड़ी से गढ़ी कैंट तक 13 जोन में बांटा गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

डीएम बंसल ने जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान रूट पर स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाने के लिए सांस्कृतिक दल और लोक वाद्य यंत्रों की भी व्यवस्था की जाएगी।

इन रूटों से जाएंगे बाहरी वाहन

देहरादून शहर से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक और बेहट के रास्ते भेजे जाएंगे।
वहीं, रिस्पना पुल से जोगीवाला होते हुए लालतप्पड़, रायवाला और हरिद्वार मार्ग का उपयोग भी किया जा सकेगा।

छुटमलपुर और बिहारीगढ़ के लिए वैकल्पिक मार्ग

शहर से छुटमलपुर और बिहारीगढ़ जाने वाले वाहन शिमला बाईपास से नया गांव रोड, धर्मावाला चौक और शाकुंबरी देवी होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

देहरादून आने वाले वाहनों के लिए प्लान

दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की और छुटमलपुर से देहरादून व मसूरी आने वाले वाहन बेहट, धर्मावाला, प्रेमनगर और बल्लूपुर चौक के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे।

14 अप्रैल को ये मार्ग रहेंगे बंद

वीवीआईपी कार्यक्रम के चलते रुड़की से भगवानपुर होते हुए देहरादून आने-जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पूरे रूट पर बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती, ट्रैफिक कंट्रोल, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, मोबाइल शौचालय और अन्य सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

एक्सप्रेसवे का करेंगे लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण भी करेंगे। इसके मद्देनजर पूरे क्षेत्र में प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।