Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखंड में SIR अभियान ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिन में 19 लाख मतदाताओं तक पहुंचे गणनापत्र

उत्तराखंड में SIR अभियान ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिन में 19 लाख मतदाताओं तक पहुंचे गणनापत्र

By on June 11, 2026 0 11 Views

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान ने तेजी पकड़ ली है। अभियान के पहले तीन दिनों में लगभग 19 लाख मतदाताओं तक गणना फॉर्म (गणनापत्र) पहुंचाए जा चुके हैं। इस मामले में चंपावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले सबसे आगे हैं।

बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा की और इसकी प्रगति का जायजा लिया।

देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की धीमी रफ्तार पर नाराजगी

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में गणना फॉर्म वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिलों के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शहरी क्षेत्रों में प्रचार बढ़ाने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना फॉर्म समय पर पहुंच सके। उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वालंटियर और बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

24 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचा अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 24 प्रतिशत मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी जिलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर अभियान पूरा करने के लिए समन्वित और प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।