Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • धामी सरकार के चार साल पूरे: PM मोदी ने दी बधाई, CM ने जताया आभार

धामी सरकार के चार साल पूरे: PM मोदी ने दी बधाई, CM ने जताया आभार

By on March 23, 2026 0 4 Views

देहरादून। धामी सरकार को आज चार साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी को बधाई दी है। पीएम मोदी ने सीएम धामी को पत्र में लिखा उत्तराखण्ड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के चार साल पूरा होने पर बधाई। मुझे विश्वास है कि आने वाले सालों में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में अनेक उपलब्धियां अर्जित करेगा।

पीएम मोदी ने सीएम धामी को पत्र में कहा कि ‘उत्तराखण्ड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने की हार्दिक बधाई। इस दौरान विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में किये जा रहे कार्य प्रशंसनीय हैं। देवभूमि उत्तराखण्ड सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और संस्कृति की पावन भूमि रही है। यहां की अद्भुत लोक परंपराएं, विविध भाषाएं-बोलियां, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सरल जनजीवन प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं’।

पीएम ने आगे लिखा ‘जब से केन्द्र में हमारी सरकार बनी, विकास की व्यापक सोच और ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। चार धाम ऑल वेदर रोड के तहत चारधाम यात्रा को अधिक सुगम व सुरक्षित बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन से रेल संपर्क सुवृद्ध किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में संपर्क सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों के पलायन को रोकते हुए शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों ने राज्य के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नई गति दी है’।

पीएम ने आगे कहा ‘राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन व डिजिटल और हरित विकास को बढ़ावा देने जैसे कदम सराहनीय हैं। आपदा प्रबंधन की सुदृद्ध व्यवस्था और सतत् विकास के प्रति प्रतिबद्धता राज्य की प्रगति को नई दिशा दे रही है। अमृत काल में विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को विकसित उत्तराखण्ड से मजबूती मिलेगी। एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और सुदृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण में यहां के हर नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड विभिन्न क्षेत्रों में अनेक उपलब्धियां अर्जित करेगा। राज्य के सभी नागरिकों को भविष्य के प्रयासों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं’।

सीएम धामी ने पीएम मोदी का आभार जताया है। सीएम ने कहा पीएम मोदी उत्तराखण्ड के विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति आपके आत्मीयतापूर्ण शब्दों और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार। प्रधानमंत्री के शब्दों में देवभूमि की अंतर्निहित शक्ति, व्यापक संभावनाओं और उत्तराखण्ड के प्रति उनके विशेष लगाव का प्रेरक प्रतिबिंब स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर होता है।

सीएम ने कहा आपके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह चार सालों की यात्रा प्रदेशवासियों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक संकल्प की परिणति है। हमारी सरकार जनसेवा, पारदर्शिता और समावेशी विकास के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को पूर्ण कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा आज ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आपके स्नेह, विश्वास और सहयोग से देवभूमि उत्तराखण्ड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का यह प्रयास सतत जारी रहेगा