Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • अटल आयुष्मान व गोल्डन कार्डधारकों को उपचार के दौरान आ रही दिक्कतों को शीघ्र दूर किया जायगा।

अटल आयुष्मान व गोल्डन कार्डधारकों को उपचार के दौरान आ रही दिक्कतों को शीघ्र दूर किया जायगा।

By on July 7, 2021 0 345 Views

देहरादून: (रविंद्र) कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सूचीबद्ध अस्पतालों में अटल आयुष्मान व गोल्डन कार्डधारकों को उपचार के दौरान आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को शीघ्र दूर कर दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने दूरभाष पर ही स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा धन सिंह रावत ने बुधवार को विधानसभा में निजी अस्पतालों के संचालकों एवं आइएमए के पदाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान अस्पताल संचालकों एवं आइएमए पदाधिकारियों ने बताया कि उपचार के दौरान आयुष्मान एवं गोल्डन कार्डधारकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मरीज की बीमारी का पता लगने से पूर्व के जांच के बिलों एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के लिए योजना में व्यवस्था नहीं है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आयुष्मान व गोल्डन कार्ड में आ रही समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए निजी अस्पताल संचालकों को हर परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने आइएमए के पदाधिकारियों से भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुझाव देने और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपेक्षा की। इस दौरान आइएमए के पदाधिकारियों ने अस्पतालों में चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ के साथ होने वाली अप्रिय घटनाओं पर रोक लगाने के लिए उत्तराखंड चिकित्सा परिचर्या सेवाकर्मी और सेवा संस्था अधिनियम को प्रभावी तरीके से लागू करने का अनुरोध किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डा विजय धस्माना, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुलपति डा यूएस रावत, आइएमए उत्तराखंड के महासचिव डा अजय खन्ना, देहरादून इकाई के अध्यक्ष डा. अमित सिंह समेत निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।