Breaking News
  • Home
  • ब्रेकिंग
  • छह निजी स्कूलों को अधिक फीस वसूलने पर नोटिस

छह निजी स्कूलों को अधिक फीस वसूलने पर नोटिस

By on July 14, 2021 0 280 Views

हल्द्वानी : एक बार फिर से निजी स्कूलों की मनमानी कोरोना काल मे उजागर हुई है।सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत से पता चला है कि निजी स्कूलों ने अभिभावकों से ट्यूशन फीस के अतिरिक्त शुल्क भी वसूला। इस पर शिक्षा विभाग ने शहर के छह निजी स्कूलों को नोटिस भेजा है।

राज्य सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि ट्यूशन फीस ही ली जाए। इसके बावजूद अभिभावकों की सीएम पोर्टल पर शिकायत है, निजी स्कूलों ने ट्यूशन शुल्क के अतिरिक्त कंप्यूटर शुल्क, मेंटीनेंस शुल्क, वार्षिक शुल्क समेत तमाम तरह का शुल्क वसूल लिया। जबकि, केवल ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है।

सरकार के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले इन निजी स्कूलों की शिकायत जब सीएम पोर्टल तक पहुंची तो शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया। इस शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने शहर के छह निजी स्कूलों को नोटिस भेज दिया है। चार दिन में जवाब देने को कहा गया है।
पिछले कई वर्षों से निजी स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए फीस एक्ट बनाने की कवायद चल रही है। इसके लिए शिक्षा मंत्री बार-बार बयान देते हैं, लेकिन अभी तक एक्ट लागू नहीं हो सका है। इसके चलते भी निजी स्कूल मनमानी पर उतारू हैं। हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी, हल्द्वानी ने बताया कि कोई भी स्कूल ट्यूशन के अलावा अतिरिक्त शुल्क नहीं ले सकता है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। हमारा उद्देश्य है कि किसी भी अभिभावक से ज्यादा वसूल न हो।