Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मुख्य सचिव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से ऋषिकेश-उत्तरकाशी व टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग उठाई

मुख्य सचिव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से ऋषिकेश-उत्तरकाशी व टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग उठाई

By on June 21, 2026 0 10 Views

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के बीच शुक्रवार को उत्तराखंड की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जानकारी दी गई कि बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में मुख्य सचिव ने ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजना की अंतिम डीपीआर को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर इसकी 100 प्रतिशत लागत केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने की मांग भी रखी।

हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण पर चर्चा करते हुए रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल हरिद्वार-मोतीचूर-रायवाला सेक्शन को मंजूरी मिल चुकी है। यह परियोजना दो चरणों में पूरी होगी, जिसमें पहले चरण में हरिद्वार से मोतीचूर तक डबल लाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना में अतिक्रमण बड़ी चुनौती है, जिस पर मुख्य सचिव ने राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

उत्तराखंड सरकार के अनुरोध पर रेलवे बोर्ड ने रायवाला से देहरादून तक रेल लाइन दोहरीकरण के लिए सर्वे कराने के निर्देश डीआरएम उत्तर रेलवे को दिए हैं। मुख्य सचिव ने आग्रह किया कि यह सर्वेक्षण राज्य सरकार के समन्वय से वर्ष 2033 के कुंभ मेले से पहले पूरा किया जाए। साथ ही रायवाला में रेलवे वायाडक्ट निर्माण का भी अनुरोध किया गया, ताकि कुंभ मेले के दौरान भारी भीड़ का निर्बाध संचालन हो सके।

बैठक में राज्य की सभी निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं में बनाए जाने वाले एस्केप टनलों को मोटरेबल बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना की डीपीआर को जल्द मंजूरी देने की मांग की गई।

आरआरटीएस मेरठ-ऋषिकेश कॉरिडोर परियोजना पर भी चर्चा हुई। ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला के पास अंतिम स्टेशन और हरिद्वार होते हुए 78 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने के लिए सैद्धांतिक सहमति बनी। इस परियोजना के लिए उत्तराखंड सरकार की ओर से अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि देहरादून रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि हर्रावाला रेलवे स्टेशन को अगले 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्वरूप देने की योजना तैयार की जा रही है।

मुख्य सचिव ने आगामी कुंभ मेले में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे से दीर्घकालिक, मध्यम अवधि और अल्पकालिक कार्ययोजना तैयार करने का भी अनुरोध किया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, अपर सचिव रीना जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।