- Home
- उत्तराखण्ड
- कालचक्र ने पंजाब और उत्तराखंड में भाजपा के लिए अंधेरे का इंतजाम कर दिया है – हरीश रावत
कालचक्र ने पंजाब और उत्तराखंड में भाजपा के लिए अंधेरे का इंतजाम कर दिया है – हरीश रावत
देहरादून: पंजाब में कांग्रेस के भीतर मचे बवाल ने उत्तराखंड में भी सियासत गर्मा दी है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पंजाब के बहाने भाजपा की ओर से की गई चोट पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में किस कोठरी में जाने वाली है, मालूम पड़ जाएगा। कालचक्र ने पंजाब और उत्तराखंड में भाजपा के लिए अंधेरे का इंतजाम कर दिया है।
भाजपा में गए कांग्रेस के बागियों को उज्याड़ू बल्द (खेत में फसल उजाडऩे वाला बैल) कहकर हमला बोलने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बुधवार को उत्तराखंड भाजपा के निशाने पर आ गए। पंजाब के घटनाक्रम को लेकर सत्तारूढ़ दल ने इंटरनेट मीडिया पर कार्टून के जरिये रावत पर तीखा हमला बोला तो रावत भी जवाबी वार करने से नहीं चूके। दरअसल हरीश रावत उत्तराखंड में भी कांग्रेस के चुनाव अभियान की बागडोर संभाले हुए हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले रावत के मुख्यमंत्री रहते कांग्रेस बड़ी टूट का सामना कर चुकी है।
इस टूट के लिए भाजपा और कांग्रेस के बागियों पर लगातार हमला जारी रखने वाले हरीश रावत पर पंजाब प्रकरण के बहाने बोले गए हमले को लेकर उत्तराखंड में आने वाले समय में सियासी घमासान मचने के संकेत मिल गए हैं।

