Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में नर बाघ मृत मिला, जांच के लिए भेजे गए नमूने

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में नर बाघ मृत मिला, जांच के लिए भेजे गए नमूने

By on May 18, 2026 0 10 Views

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज के अंतर्गत धारा ब्लॉक, धारा बीट कक्ष संख्या-12 में सोमवार को गश्त के दौरान एक नर बाघ मृत अवस्था में मिला। बाघ का शव सुबह लगभग 9:10 बजे धारा स्रोत के सहायक नाले के समीप गश्ती दल को दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्र में गहन कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नहीं मिली।
इसके बाद पशु चिकित्साधिकारियों के पैनल द्वारा वन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं एनजीओ प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित एसओपी के तहत बाघ का पोस्टमार्टम किया तथा शव का निस्तारण किया गया। प्रारंभिक जांच में मृत नर बाघ की आयु लगभग 8 से 10 वर्ष आंकी गई है।
पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक आंतरिक अंगों के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए आईवीआरआई बरेली एवं भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून भेजा जा रहा है। वन विभाग के अनुसार बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।