Breaking News
  • Home
  • कॉर्बेट नेशनल पार्क
  • BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद हरिद्वार पहुंचे तीरथ सिंह रावत, संतों से लिया आशीर्वाद

BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद हरिद्वार पहुंचे तीरथ सिंह रावत, संतों से लिया आशीर्वाद

By on August 18, 2026 0 15 Views

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सोमवार शाम हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने कनखल स्थित जगद्गुरु आश्रम में शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

इस दौरान तीरथ सिंह रावत ने पार्टी नेतृत्व की ओर से दी गई नई जिम्मेदारी के लिए केंद्रीय नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वह पार्टी के कार्यकर्ता और सिपाही हैं। पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता के रूप में पार्टी और देश की सेवा लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सबसे पहले शंकराचार्य और संतों का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूरी तरह तैयार है और वर्ष 2027 में भी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

बता दें कि तीरथ सिंह रावत को सोमवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पौड़ी गढ़वाल से सांसद और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।