Breaking News
  • Home
  • कॉर्बेट नेशनल पार्क
  • परिवर्तन संकल्प यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा आरोप, कहा – उत्तराखंड के मंत्री ₹20-20 लाख में बेच रहे नौकरियां’

परिवर्तन संकल्प यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा आरोप, कहा – उत्तराखंड के मंत्री ₹20-20 लाख में बेच रहे नौकरियां’

By on July 4, 2026 0 17 Views

बेरीनाग। कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शुक्रवार को पिथौरागढ़ के बेरीनाग और गंगोलीहाट पहुंची, जहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, पेपर लीक और नौकरी बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के कुछ मंत्री और उनके परिजन ₹20-20 लाख लेकर सरकारी नौकरियां बेच रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।

व्यालपाटा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक का कारोबार जारी है और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में हर चुनाव में प्रत्याशी बदलकर जनता के साथ छल किया है। गोदियाल ने दावा किया कि देहरादून के राजनीतिक गलियारों में वर्तमान विधायक का टिकट कटने की चर्चा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामले की पूरी सच्चाई अब तक सामने नहीं आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता जवाब चाहती है।

गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन बढ़ा है, स्कूल बंद किए जा रहे हैं और गांवों में शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनहित की उपेक्षा का आरोप लगाया।

पिछले दिनों पिथौरागढ़ में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे पर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि संबंधित नेताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और अनुशासनहीनता करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सभा को विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हिमेश खर्कवाल, मनोज यादव, मनोज टम्टा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा अब दो दिवसीय कार्यक्रम के लिए बागेश्वर पहुंच गई है।