Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • CM धामी के प्रयास हुए सफल, टनकपुर से हजूर साहिब नांदेड़ तक चलेगी सीधी ट्रेन, 6 जुलाई को केंद्रीय रेल राज्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

CM धामी के प्रयास हुए सफल, टनकपुर से हजूर साहिब नांदेड़ तक चलेगी सीधी ट्रेन, 6 जुलाई को केंद्रीय रेल राज्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

By on July 5, 2026 0 11 Views

देहरादून/खटीमा। उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लोगों और सिख श्रद्धालुओं को लंबे समय से प्रतीक्षित रेल सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। ट्रेन का शुभारंभ 6 जुलाई को टनकपुर रेलवे स्टेशन से केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रवनीत सिंह करेंगे।

यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। रविवार को नांदेड़ से रवाना होकर अकोला, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, झांसी, आगरा, मथुरा और बरेली होते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी। वहीं मंगलवार सुबह 9 बजे टनकपुर से रवाना होकर बुधवार शाम 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का नियमित संचालन 14 जुलाई से शुरू होगा। 12 जुलाई को यह ट्रेन पहली बार नांदेड़ से चलकर 14 जुलाई को टनकपुर पहुंचेगी और उसी दिन वापसी की यात्रा करेगी।

इस ट्रेन का खटीमा रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव सुनिश्चित किया गया है। ट्रेन सुबह 9:26 बजे खटीमा पहुंचेगी और 9:29 बजे आगे के लिए रवाना होगी। हालांकि, रेलवे की आधिकारिक समय-सारिणी में यह बदलाव अभी अपडेट होना बाकी है।

लंबे समय से सीमांत क्षेत्र के लोग, विशेषकर सिख समुदाय, हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। नई ट्रेन के शुरू होने से उत्तराखंड के यात्रियों को धार्मिक यात्रा के साथ-साथ लंबी दूरी की रेल सुविधा का भी लाभ मिलेगा। भाजपा नेताओं ने इसे सीमांत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रेलवे मंत्रालय का आभार जताया है।