Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रामनगर के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; 10 महिलाएं मुक्त, नाबालिग भी शामिल

रामनगर के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; 10 महिलाएं मुक्त, नाबालिग भी शामिल

By on July 6, 2026 0 6 Views

रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज सिंह कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में 4 जुलाई को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रिसॉर्ट में छापेमारी की गई, जहां बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, अश्लील नृत्य तथा महिलाओं पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं।

पूछताछ में मुख्य आयोजक मेरठ निवासी उमेंद्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए यह पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को 4 से 5 जुलाई तक करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। महिलाओं की व्यवस्था दिल्ली निवासी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी द्वारा प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से कराई गई थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में शामिल किसी भी व्यक्ति या महिला का नाम आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इसी आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है। जनरल मैनेजर फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

छापेमारी के दौरान शराब की पेटियां, बीयर, नकली 10 रुपये के नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोट, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

इस प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।