मिलावट और जमाखोरी पर धामी सरकार सख्त, प्रदेशभर में तेज हुआ जांच अभियान
देहरादून। त्योहारों के मद्देनजर मिलावट, जमाखोरी और खाद्य सामग्री की अनियमित बिक्री पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक अभियान चलाने और मंडलायुक्तों को इसकी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमों ने सोमवार को विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, दुकानदारों को नोटिस दिए गए और कई स्थानों पर एक्सपायरी व खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ चीनी की जमाखोरी, पैकेजिंग, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।
देहरादून में सोमवार को 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 खाद्य नमूने लिए जा चुके हैं। हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों की जांच कर 27 नमूने लिए गए। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चंपावत में भी जांच और नमूना लेने की कार्रवाई की गई।
चमोली और रुद्रप्रयाग में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया गया और संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। नैनीताल में मानकों के अनुरूप नहीं मिली करीब 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बाजार में उपलब्धता पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

